Shopping cart

  • Home
  • News
  • महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (नागपुर मेट्रो रेल परियोजना)

महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (नागपुर मेट्रो रेल परियोजना)

June 27, 20251 Mins Read
53

India Morning News

Share News:
Share

• महा मेट्रो नागपुर और एनएचएआई के बीच दो राष्ट्रीय राजमार्गों पर वायाडक्ट निर्माण के लिए समझौता

नागपुर:- नागपुर शहर में शहरी परिवहन व्यवस्था के सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और महा मेट्रो नागपुर के बीच एक औपचारिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के तहत नागपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक (NH)- 44 और (NH)-53 पर मेट्रो वायाडक्ट (उन्नत पुल) का निर्माण किया जाएगा।

यह समझौता नागपुर स्थित एनएचएआई (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय में श्री राकेश प्रकाश सिंह (मुख्य महा प्रबंधक एवं क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआई ), श्री नरेश गुरबानी (कार्यकारी निदेशक, महा मेट्रो), और श्री आर. अरुण कुमार (कार्यकारी निदेशक, महा मेट्रो) की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस समझौते के तहत महा मेट्रो को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 और 53 के दो महत्वपूर्ण मार्गों जामठा से बुटीबोरी (NH-44) और एच.बी. टाउन से ट्रांसपोर्ट नगर (NH-53) पर एनएचएआई (NHAI) के ‘राइट ऑफ वे’ (RoW) का उपयोग करते हुए उन्नत मेट्रो कॉरिडोर बनाने की अनुमति मिलेगी।

• साझा आधारभूत संरचना, साझा दृष्टिकोण
इस समझौता ज्ञापन के तहत फ्लाईओवर और मेट्रो वायाडक्ट के लिए एकीकृत आधारभूत संरचना तैयार करने की योजना बनाई गई है। इसमें एक ही संरचना का उपयोग कर साझा निर्माण कार्य दिया गया है। पर विशेष रूप से, जामठा और डोंगरगांव में प्रस्तावित दो छह लेन के फ्लाईओवरों की संरचना मेट्रो वायाडक्ट के साथ साझा की जाएगी। यह डिजाइन वाहनों के अंडरपास के लिए भी उपयोगी होगी और इससे भूमि व निधियों का अधिक कुशल और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

• इंजीनियरिंग में सटीकता और सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता
इस समझौते में दोनों संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय की स्पष्ट रूपरेखा बनाई गई है। सभी डिजाइन भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयार किए जाएंगे, जिससे छह लेन सड़क विस्तार के दौरान आवश्यक सुरक्षा और न्यूनतम 6 मीटर की ऊंचाई की क्लियरेंस सुनिश्चित की जा सकेगी। यूटिलिटी स्थानांतरण, यातायात मोड़ना और सड़कों की मरम्मत जैसे कार्य दोनों एजेंसियां मिलकर करेंगी। प्रत्येक चरण में कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोनों विभागों के स्वतंत्र अधिकारी संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण करेंगे।

• आगे की राह
इस समझौते को एक रणनीतिक साझेदारी के रूप में देखा जा रहा है, जो नागपुर के तेजी से बढ़ते बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देगा। यह प्रयास राष्ट्रीय राजमार्ग विकास और व्यापक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को एकीकृत करने की दिशा में उठाया गया है। नागपुरवासियों के लिए यह समझौता भविष्य में तेज, कुशल और सुरक्षित यात्रा की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Share News:
Share

Comments are closed

Related Posts

Share