India Morning News
नई दिल्ली : देश में जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को पत्र लिखकर नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और सुधारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “यह नवरात्रि विशेष है, जीएसटी बचत महोत्सव से आम जनता को राहत मिलेगी और स्वदेशी को नई ताकत मिलेगी।”
नए सुधारों के तहत अब जीएसटी में केवल दो स्लैब रहेंगे। रोजमर्रा की जरूरी चीजें जैसे खाद्यान्न, दवाइयां, साबुन, टूथपेस्ट या तो टैक्स-फ्री होंगी या फिर सिर्फ 5% कर में आएंगी। इसका सीधा फायदा करोड़ों उपभोक्ताओं को होगा और उनके खर्चों में कमी आएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि बदलावों से घर बनाना, गाड़ी खरीदना और छुट्टियां मनाना और भी आसान होगा। इन सुधारों से किसान, महिला, युवा, गरीब, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील करते हुए कहा, “भारतीय मजदूर और उत्पादक का समर्थन करें और अधिक से अधिक स्वदेशी सामान बेचें।”
मोदी ने यह भी बताया कि बीते वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और नया जीएसटी सिस्टम हर साल करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत कराएगा।
पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए देश की समृद्धि और शांति की कामना की।











Comments are closed